PGIMS Rohtak के छठे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि होंगे CJI सूर्यकांत, 900 छात्रों को मिलेंगी डिग्रियां
भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत आगामी 3 जनवरी 2027 को पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, रोहतक के छठे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
रोहतक: पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, रोहतक के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत आगामी 3 जनवरी 2027 को विश्वविद्यालय के छठे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
विश्वविद्यालय के इतिहास में ऐतिहासिक अवसर
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एच. के. अग्रवाल ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि संस्थान के इतिहास में यह पहला अवसर होगा जब देश के किसी मौजूदा मुख्य न्यायाधीश की गरिमामयी उपस्थिति में दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि न्यायमूर्ति सूर्यकांत का संबोधन भावी डॉक्टरों और स्वास्थ्य पेशेवरों को चिकित्सा सेवा के साथ-साथ संवैधानिक मूल्यों, अनुशासन और नैतिकता के प्रति प्रेरित करेगा।
इसे भी पढ़ें:- रोहतक में जनगणना-2027 का दूसरा चरण 25 जनवरी से; 10 जनवरी से खुलेगा ऑनलाइन स्व-गणना पोर्टल
900 छात्रों को डिग्रियां और मेधावियों को गोल्ड मेडल
समारोह के दौरान स्नातक, स्नातकोत्तर और सुपर-स्पेशियलिटी पाठ्यक्रमों के लगभग 900 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। उपाधि प्राप्त करने वालों में मुख्य रूप से एमबीबीएस, बीडीएस, नर्सिंग, फार्मेसी, फिजियोथेरेपी और पैरामेडिकल कोर्सेज के छात्र शामिल हैं। इसके अलावा, विभिन्न पाठ्यक्रमों में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले मेधावी छात्रों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा, जिन्हें दिल्ली में विशेष रूप से तैयार कराया जा रहा है।
तैयारियां जोरों पर
इस भव्य और ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कुलपति डॉ. एच. के. अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।




