रोहतक PGI में अल्ट्रासाउंड को लेकर भारी हंगामा, सुबह 5 बजे से कतार में लगे मरीजों ने VC कार्यालय घेरा
हरियाणा के सबसे बड़े चिकित्सा संस्थानों में से एक, पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय रोहतक में अल्ट्रासाउंड जांच में हो रही देरी और कुप्रबंधन के खिलाफ मरीजों और उनके परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा।
रोहतक। हरियाणा के सबसे बड़े चिकित्सा संस्थानों में से एक, पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय रोहतक में अल्ट्रासाउंड जांच में हो रही देरी और कुप्रबंधन के खिलाफ मरीजों और उनके परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। इलाज के लिए दूर-दराज से आए मरीजों ने प्रशासनिक ब्लॉक स्थित कुलपति कार्यालय का घेराव कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
सुबह 5 बजे से कतार, फिर भी निराशा
प्रदर्शन कर रहे मरीजों और उनके तीमारदारों ने बताया कि वे 50 से 60 किलोमीटर दूर से सुबह 5 से 6 बजे ही अस्पताल पहुंचकर अल्ट्रासाउंड की पर्ची के लिए कतार में लग जाते हैं। इसके बावजूद कई-कई दिनों तक उनका नंबर नहीं आता। मरीजों का आरोप है कि अस्पताल में प्रतिदिन केवल 50 मरीजों का ही अल्ट्रासाउंड किया जाता है, जिसमें से भी आधे स्लॉट अस्पताल के ही स्टाफ और जान-पहचान वालों को दे दिए जाते हैं। कोटा पूरा होते ही आम और गंभीर मरीजों को बिना जांच के वापस लौटा दिया जाता है।
इसे भी पढ़ें:- जिला परिषद कार्यालय पर पार्षदों ने जड़ा ताला, अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान
गेट बंद होने से भड़का आक्रोश
अपनी समस्या लेकर बड़ी संख्या में मरीज, जिनमें महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल थे, वीसी कार्यालय पहुंचे। मरीजों की भीड़ को आता देख सुरक्षाकर्मियों ने कार्यालय का मुख्य गेट बंद कर दिया। इससे नाराज होकर मरीज वहीं धरने पर बैठ गए और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि प्रतिदिन होने वाले अल्ट्रासाउंड की संख्या को 50 से बढ़ाकर कम से कम 150 किया जाए।
कुलपति के आश्वासन के बाद शांत हुआ मामला
हंगामे की सूचना मिलते ही हेल्थ यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. एचके अग्रवाल स्वयं कार्यालय से बाहर आए और मरीजों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने मरीजों को आश्वस्त किया कि अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था में जल्द सुधार किया जाएगा और जांच की दैनिक क्षमता बढ़ाई जाएगी। पीजीआई के जनसंपर्क प्रभारी डॉ. मंजूनाथ बीसी ने भी रेडियोलॉजी विभाग में डॉक्टरों की कमी स्वीकार करते हुए बताया कि खाली पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है। कुलपति के ठोस आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए।




