नियमितीकरण की मांग पर 12 हजार गेस्ट टीचर्स का हल्ला बोल, 24 नवंबर को मनाएंगे ‘तानाशाही दिवस’, 90 विधायकों को सौंपेंगे ज्ञापन

हरियाणा में सेवाओं को पक्का करने की मांग को लेकर गेस्ट टीचर्स और राज्य सरकार के बीच गतिरोध गहराता जा रहा है।

नियमितीकरण की मांग पर 12 हजार गेस्ट टीचर्स का हल्ला बोल, 24 नवंबर को मनाएंगे ‘तानाशाही दिवस’, 90 विधायकों को सौंपेंगे ज्ञापन

चंडीगढ़: हरियाणा में सेवाओं को नियमित करने की मांग को लेकर अतिथि अध्यापकों और राज्य सरकार के बीच गतिरोध गहराता जा रहा है। पिछले 21 वर्षों से सरकारी स्कूलों में सेवाएं दे रहे करीब 12 हजार गेस्ट टीचर्स ने सरकार की कार्यप्रणाली के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए 24 नवंबर को पूरे प्रदेश में 'तानाशाही दिवस' मनाने का ऐलान किया है।

आंदोलन की इस कड़ी में अतिथि अध्यापक प्रदेश के सभी 90 विधायकों को ज्ञापन सौंपेंगे। शिक्षकों की मुख्य मांग है कि सरकार आगामी कैबिनेट बैठक में प्रस्ताव लाकर उन्हें नियमित करने की आधिकारिक घोषणा करे।

इसे भी पढ़ें:- PGIMS Rohtak के छठे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि होंगे CJI सूर्यकांत, 900 छात्रों को मिलेंगी डिग्रियां

वादाखिलाफी और कोर्ट के आदेशों की अनदेखी का आरोप

 गेस्ट टीचर्स का आरोप है कि भाजपा सरकार ने अपने चुनावी घोषणा-पत्र में अतिथि अध्यापकों को पक्का करने का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद वह अपने वादे से पीछे हट रही है। शिक्षकों का कहना है कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने नियमितीकरण के मुद्दे पर दो महीने के भीतर उचित कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए थे। इसके बावजूद, शिक्षा विभाग की ओर से जारी किए गए 'स्पीकिंग ऑर्डर' ने शिक्षकों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है, जिसे वे दो दशकों की सेवा के साथ अन्याय मान रहे हैं।

संविधान दिवस से ठीक दो दिन पहले विरोध

अतिथि अध्यापकों ने सरकार के रुख पर कटाक्ष करते हुए कहा कि एक ओर हरियाणा सरकार 26 नवंबर को 'संविधान दिवस' मनाने की तैयारियों में जुटी है, वहीं दूसरी ओर संवैधानिक और कानूनी अधिकारों की मांग कर रहे शिक्षकों की अनदेखी की जा रही है। इसी के विरोध में 24 नवंबर को राज्यभर में तानाशाही दिवस मनाकर जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाई जाएगी।

इसे भी पढ़ें:- रोहतक में पानी की किल्लत होगी दूर: तिलियार झील के पास ₹210 करोड़ की लागत से बनेगा नया जलघर, 8 गांवों को मिलेगा स्वच्छ नहरी पानी