रोहतक के धावकों ने मारी बाजी दौड़ की 3 स्पर्धाओं में , महेंद्रगढ़ के झगड़ोली मेले में खेलों का रोमांच
महेंद्रगढ़ के झगड़ोली गांव में आयोजित दो दिवसीय ‘बाबा भईयां’ मेले में खेल प्रतियोगिताओं का रोमांच देखने को मिला।
जिले के झगड़ोली गांव में आयोजित दो दिवसीय ‘बाबा भईयां विशाल जागरण एवं मेला’ धार्मिक अनुष्ठानों, भंडारे और रोमांचक खेल मुकाबलों के साथ संपन्न हो गया। इस खेल महाकुंभ में हरियाणा के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। मेला कमेटी के कोषाध्यक्ष प्रदीप शर्मा ने प्रतियोगिताओं के परिणामों की आधिकारिक जानकारी साझा की।
कबड्डी में सोनीपत और जैरपुर का दबदबा
मेले का मुख्य आकर्षण ओपन कबड्डी प्रतियोगिता रही, जिसके खिताबी मुकाबले में साईं सोनीपत की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। झज्जर की निलोठी टीम उपविजेता रही। आयोजन समिति की ओर से विजेता टीम को 71 हजार रुपये और उपविजेता टीम को 51 हजार रुपये की नकद राशि व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
वहीं, 45 किलोग्राम भार वर्ग की कबड्डी में JCHC जैरपुर की टीम चैंपियन बनी और 21 हजार रुपये का इनाम जीता। मेजबान ‘जय बाबा भईयां झगड़ोली’ की टीम दूसरे स्थान पर रही, जिसे 11 हजार रुपये का पुरस्कार मिला।
इसे भी पढ़ें:- ₹1,232 करोड़ के बजट के बाद भी 'बीमार' है पीजीआई रोहतक: 41.6% डॉक्टरों के पद खाली, पूर्व मंत्री सुभाष बत्रा ने सरकार से मांगा श्वेत पत्र
दौड़ स्पर्धाओं में चमके रोहतक के धावक एथलेटिक्स ट्रैक पर रोहतक के खिलाड़ियों का एकतरफा दबदबा देखने को मिला। अलग-अलग वर्गों की तीन प्रमुख दौड़ में रोहतक के एथलीटों ने बाजी मारी:
-
800 मीटर (बालिका वर्ग): रोहतक की काजल प्रथम रहीं।
-
800 मीटर (बालक वर्ग): रोहतक के सावन ने पहला स्थान पाया।
-
1600 मीटर (बालक वर्ग): रोहतक के सागर सबसे तेज दौड़े और शीर्ष पर रहे।
-
200 मीटर (बुजुर्ग वर्ग): जींद के कृष्ण ने अपनी फुर्ती दिखाते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इसे भी पढ़ें:- नियमितीकरण की मांग पर 12 हजार गेस्ट टीचर्स का हल्ला बोल, 24 नवंबर को मनाएंगे ‘तानाशाही दिवस’, 90 विधायकों को सौंपेंगे ज्ञापन
कुश्ती दंगल और अतिथियों का सम्मान
खेल प्रतियोगिताओं का विधिवत शुभारंभ वार्ड नंबर-8 के जिला पार्षद रामकिशन जीवन राव ने किया। इस दौरान आयोजित कुश्ती दंगल में सॉफ्टवेयर इंजीनियर दिलावर सिंह तंवर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। सभी विजेता खिलाड़ियों को मोहाना स्थित नवजीवन अस्पताल के डॉ. भीमसिंह द्वारा पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए गांव के सरपंच मुकेश सोनी ने मेला कमेटी को 61 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भेंट की। अंत में बाबा भईयां मंदिर समिति के कोषाध्यक्ष प्रदीप शर्मा ने सभी अतिथियों व ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कृष्णपाल तंवर, शीशपाल सिंह, धनपत सिंह, भूपेंद्र, योगेश फौजी, प्रदीप सिंह, देवेंद्र यादव, रामोतार शर्मा, सन्नी शर्मा, रविंद्र प्रधान, सज्जन शास्त्री, हेमंत सिंह और हरिकिशन जोशी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें:- पंजाब चुनाव: रोहतक के पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर को भाजपा ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, बने खन्ना के प्रवासी प्रभारी




