हरियाणा के सरकारी कॉलेज प्राध्यापकों की Ph.D. को लेकर उच्चतर शिक्षा निदेशालय सख्त
हरियाणा उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने सरकारी कॉलेजों के प्राध्यापकों की पीएचडी अनुमति और अवकाश नियमों पर कड़ा रुख अपनाया है।
हरियाणा के सरकारी कॉलेजों में कार्यरत प्राध्यापकों (असिस्टेंट प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर) द्वारा पीएचडी करने की अनुमति और उससे जुड़े अवकाश के मामलों पर उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने कड़ा रुख अपनाया है। निदेशालय ने राज्य के सभी सरकारी कॉलेजों के प्राचार्यों स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि नियमों की समुचित जांच किए बिना और अधूरे दस्तावेजों के साथ भेजी जाने वाली फाइलों को स्वीकार नहीं किया जाएगा, बल्कि उन्हें सीधे वापस लौटा दिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें:- हरियाणा विधानसभा विशेष सत्र: सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस की 4 सूत्रीय रणनीति तैयार, विनेश फोगाट समेत 8 विधायक बैठक से नदारद
लापरवाही और पत्राचार रोकने के लिए उठाया कदम
निदेशालय के संज्ञान में यह बात सामने आई है कि कई कॉलेज प्राचार्य अपने स्तर पर दस्तावेजों और नियमों की पड़ताल किए बिना ही प्राध्यापकों के पीएचडी आवेदन मुख्यालय भेज रहे हैं। कई प्रकरणों में वित्त विभाग के पूर्व निर्देशों की अनदेखी हो रही है और आवश्यक प्रमाण पत्र भी संलग्न नहीं किए जा रहे। इससे अनावश्यक पत्राचार बढ़ रहा है और पात्र प्राध्यापकों को अनुमति मिलने में अनावश्यक देरी हो रही है।
इसे भी पढ़ें:- हरियाणा CM की बैठक में पहुंचे कांग्रेस के सस्पेंडेड विधायक
पीएचडी अनुमति और अवकाश के प्रमुख नियम
उच्चतर शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत प्राध्यापकों को निम्नलिखित नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा:
-
6 माह तक अवैतनिक अवकाश की सीमा: यदि कोई प्राध्यापक पीएचडी के लिए बिना वेतन अवकाश लेना चाहता है, तो 6 महीने तक की छुट्टी संबंधित प्रशासनिक विभाग द्वारा स्वीकृत की जा सकेगी। लेकिन, 6 माह से अधिक के अवैतनिक अवकाश के लिए वित्त विभाग की पूर्व मंजूरी लेना अनिवार्य होगा।
-
ग्रुप-ए अधिकारियों लिए प्रावधान: ग्रुप-ए श्रेणी के प्राध्यापकों की उच्च शिक्षा की अनुमति से जुड़े मामलों में संबंधित प्रशासनिक विभाग केवल अपनी सिफारिश आगे भेजेगा, जिस पर अंतिम निर्णय वित्त विभाग द्वारा ही लिया जाएगा।
-
सरकारी सेवा से पूर्व दाखिला: यदि किसी प्राध्यापक ने सरकारी नौकरी ज्वाइन करने से पहले ही पीएचडी में प्रवेश ले लिया था, तो उसे आवेदन के साथ इसका आधिकारिक प्रमाण पत्र संलग्न करना होगा। ऐसे मामलों में भी 6 माह से अधिक के अवकाश के लिए वित्त विभाग की स्वीकृति आवश्यक होगी।
-
नियमित शिक्षण कार्य प्रभावित न होने की शर्त: ऑनलाइन, पत्राचार या इवनिंग क्लासेज के माध्यम से पीएचडी करने की अनुमति केवल इसी शर्त पर दी जाएगी कि इससे कॉलेज का नियमित शिक्षण और प्रशासनिक कार्य किसी भी स्थिति में प्रभावित न हो।
इसे भी पढ़ें:- हरियाणा भाजपा ने अनुसूचित जाति मोर्चा की नई टीम का किया ऐलान, 27 जिलाध्यक्ष और प्रदेश पदाधिकारियों की सूची जारी




