रोहतक मिलन ढाबा हत्याकांड का CCTV वीडियो वायरल: हाथ में हथियार लोड करते दिखे बेखौफ शूटर

रोहतक स्थित मिलन ढाबे पर हुए चौहरे हत्याकांड की खौफनाक सीसीटीवी फुटेज सामने आई है।

रोहतक मिलन ढाबा हत्याकांड का CCTV वीडियो वायरल: हाथ में हथियार लोड करते दिखे बेखौफ शूटर
Image source (Bhaskar)

शहर के मिलन होटल (ढाबे) में गुरुवार सुबह हुए सनसनीखेज चौहरे हत्याकांड से जुड़ा एक अहम सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इस वीडियो में हमलावरों की बेखौफ हरकतें कैद हुई हैं, जिसमें वे हाथों में हथियार लोड करते और ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद मौके से फरार होते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए ढाबे का डीवीआर अपने कब्जे में ले लिया है।

गैलरी में घेरकर मारी थी हिमांशु को गोली

 सामने आए सीसीटीवी फुटेज में हमलावरों के चेहरे साफ तौर पर नजर आ रहे हैं। वीडियो के मुताबिक, जब ढाबे के अंदर फायरिंग शुरू हुई, तो वहां मौजूद हिमांशु नाम का युवक जान बचाने के लिए ऊपर बने कमरों की गैलरी की तरफ भागा। पीछा करते हुए शूटर भी ऊपर पहुंचे और गैलरी में फंस चुके हिमांशु के सामने अपनी गन लोड कर उसे गोलियों से भून दिया।

कैसे रची गई थी पूरी साजिश

 जांच में यह बात सामने आ चुकी है कि रिटौली गांव का गैंगस्टर सनी अपने साथियों- विनीत, रिंकू और यश से मिलने मिलन ढाबे पर आया था। उसके साथ एक युवती भी मौजूद थी, जिसने कथित तौर पर हिमांशु भाऊ गैंग के शूटरों को सनी की लोकेशन की जानकारी दी थी। हालांकि, शूटरों के ढाबे में दाखिल होने से ठीक पहले सनी किसी बहाने से वहां से निकल गया, जिससे उसकी जान बच गई। वहीं, पांच शूटरों ने अंदर घुसते ही अंधाधुंध गोलियां चलाकर चार लोगों को मौत के घाट उतार दिया।

आधुनिक हथियारों का हुआ इस्तेमाल

 पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के लिए हमलावर आधुनिक हथियारों से लैस होकर आए थे, जिससे उन्होंने बेहद कम समय में ताबड़तोड़ फायरिंग की। पुलिस ने घटनास्थल से गोलियों के कई खाली खोल बरामद किए हैं, जिनकी जांच कर इस्तेमाल किए गए हथियारों की श्रेणी का पता लगाया जा रहा है।

आरोपियों की तलाश में जुटीं 10 टीमें

इस मामले पर जानकारी देते हुए सांपला के डीएसपी ऋषिकांत ने बताया कि ढाबे में चार युवकों की हत्या करने वाले बदमाशों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि शूटरों की सटीक पहचान हो सके। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की 10 विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।