रोहतक प्रशासन की सख्ती: इस्माइला में अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर, डीसी ने दी चेतावनी

जिले में अवैध रूप से पनप रही कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माणों पर नकेल कसते हुए रोहतक जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।

रोहतक प्रशासन की सख्ती: इस्माइला में अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर, डीसी ने दी चेतावनी

रोहतक: जिले में अवैध रूप से पनप रही कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माणों पर नकेल कसते हुए रोहतक जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। प्रशासन की टीम ने सांपला ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले इस्माइला गांव में करीब 5 एकड़ भूमि पर काटी जा रही एक अवैध कॉलोनी को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।

किन-किन निर्माणों पर चला पीला पंजा

 इस व्यापक तोड़फोड़ अभियान के दौरान कॉलोनी में बने 5 दुकानों, एक प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस, 200 रनिंग मीटर लंबी बाउंड्री वॉल, बिजली के खंभों और इंटरलॉकिंग टाइलों से बने सड़क नेटवर्क को पूरी तरह से उखाड़ दिया गया। इसके अतिरिक्त, गांव के राजस्व क्षेत्र (रेवेन्यू एस्टेट) में नियमों को ताक पर रखकर बनाए गए एक ढाबे, तीन अन्य दुकानों, एक गोदाम और एक निर्माणाधीन ढांचे को भी जमींदोज कर दिया गया।

इसे भी पढ़ें:- रोहतक के मिलन ढाबे पर गैंगवार में 4 युवकों की हत्या, पुलिस ने दर्ज की FIR

उपायुक्त ने दी सख्त चेतावनी, लोगों से की अपील

 कार्रवाई के संबंध में रोहतक के उपायुक्त सतबीर सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में किसी भी सूरत में अवैध निर्माण या अनधिकृत कॉलोनियों को विकसित नहीं होने दिया जाएगा और यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे भू-माफियाओं के झांसे में न आएं और अपनी मेहनत की गाढ़ी कमाई को किसी भी अवैध कॉलोनी या निर्माण में निवेश न करें।

भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

 तोड़फोड़ की इस कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह के विरोध या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। मौके पर जिला नगर योजनाकार कार्यालय के अधिकारियों के साथ-साथ ड्यूटी मजिस्ट्रेट और सांपला के नायब तहसीलदार भी मौजूद रहे, जिनकी देखरेख में यह पूरा अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

इसे भी पढ़ें:- रोहतक में देर रात सनसनीखेज वारदात: शादी से लौट रहे तीन युवकों को दो गाड़ियों से घेरकर लाठी-डंडों से पीटा