रोहतक होटल गैंगवार में बेगुनाह ने गंवाई जान: खाना पैक कराने रुके 24 वर्षीय युवक को शूटरों ने मारी 8 गोलियां
मिलन होटल में हुई गैंगवार की घटना में गलतफहमी के चलते एक बेगुनाह युवक की जान चली गई।
रोहतक: शहर के मिलन होटल में हुई खूनी गैंगवार में एक बेगुनाह युवक की दर्दनाक मौत हो गई। झज्जर जिले के बेरी निवासी 24 वर्षीय नवीन उर्फ हिमांशु का किसी भी आपराधिक गिरोह से कोई वास्ता नहीं था, लेकिन गलतफहमी के चलते शूटरों ने उसे अपना निशाना बना लिया।
खाना लेने रुका था, शूटरों ने समझ लिया गैंगस्टर
परिजनों के अनुसार, हिमांशु एक शादी समारोह से लौटते वक्त होटल पर खाना पैक कराने के लिए रुका था। उसी समय बदमाशों ने होटल में मौजूद डीघल गांव के रिंकू (28), विनीत (22) और यश उर्फ गंजू (22) पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने वहां मौजूद हिमांशु को भी विरोधी गुट का सदस्य (सन्नी रिटोलिया) समझ लिया।
गोलीबारी शुरू होते ही हिमांशु जान बचाने के लिए होटल की पहली मंजिल की ओर भागा और एक कमरे में छिपने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर उसे करीब आठ गोलियां मार दीं, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
इसे भी पढ़ें:-रोहतक मिलन ढाबा हत्याकांड का CCTV वीडियो वायरल: हाथ में हथियार लोड करते दिखे बेखौफ शूटर
बहन के परिवार की मदद करने आया था भालौठ
हिमांशु अपनी बड़ी बहन की ससुराल भालौठ गांव आया हुआ था, जहां मिलन होटल के पास नहर किनारे उसके जीजा के खेतों में काम चल रहा था। वह अपने जीजा से खाना पैक कराकर लाने की बात कहकर निकला था। परिजनों ने बताया कि एक महीने पहले ही एक सड़क हादसे में हिमांशु के दूसरे जीजा जगमोहन की मौत हुई थी, जिसके बाद से वह अक्सर परिवार को संभालने भालौठ आता-जाता था। इस सदमे के कारण उसने आगामी 25 दिसंबर को अपना 25वां जन्मदिन भी नहीं मनाने का फैसला किया था।
सेना में भर्ती होने का था सपना, पुलिस रिकॉर्ड साफ
माता-पिता के इकलौते बेटे हिमांशु के दादा रघुबीर सेना में सेवाएं दे चुके थे और वह खुद भी फौज में भर्ती होकर देश सेवा करना चाहता था। उसने सेना का फिजिकल टेस्ट पास कर लिया था, लेकिन कान में समस्या के कारण मेडिकल में रह गया था। इसके बाद वह रोहतक के जाट कॉलेज से बीए की पढ़ाई करने के साथ-साथ सेना में क्लर्क पद की भर्ती के लिए कोचिंग ले रहा था। छह महीने पहले ही उसने नया ट्रैक्टर खरीदकर पिता राजबीर के साथ खेती की जिम्मेदारी भी संभाली थी। मामा ओमबीर और अन्य परिजनों ने बताया कि हिमांशु का रिकॉर्ड पूरी तरह साफ था और उन्होंने हत्यारों के एनकाउंटर की मांग की है।
इसे भी पढ़ें:- रोहतक होटल हत्याकांड में बड़ा खुलासा: सनी रिटोलिया की महिला मित्र निकली 'मुखबिर', इशारा मिलते ही शूटरों ने 4 को भूना
मारे गए तीनों युवकों का था आपराधिक इतिहास
इस गैंगवार में मारे गए झज्जर के डीघल गांव निवासी अन्य तीन युवकों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है:
-
रिंकू (28): इस पर हत्या और हत्या के प्रयास सहित कुल 5 मामले दर्ज थे। अगस्त 2023 में बेरी में हुई एक फायरिंग की घटना में भी उसका नाम आया था।
-
विनीत (22) और यश (22): मार्च 2022 में रिटौली गांव में हुए डबल मर्डर केस में एसटीएफ ने दोनों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था। विनीत पर हत्या समेत 4 केस दर्ज थे और दोनों के नाम स्थानीय गैंगस्टर गुटों से जुड़े रहे थे।




