हरियाणा बेरोजगारी भत्ता योजना 2026-27: पात्र युवाओं से 30 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित, मिलेगा 2,000 रुपये तक मासिक भत्ता
हरियाणा सरकार ने सामान्य बेरोजगारी भत्ता योजना (2026-27) के तहत शिक्षित बेरोजगार युवाओं से 30 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार ने प्रदेश के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए 'सामान्य बेरोजगारी भत्ता योजना' के तहत वर्ष 2026-27 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। उपायुक्त सतबीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पात्र युवा 30 नवंबर तक ऑनलाइन माध्यम से अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। निर्धारित अंतिम तिथि के बाद कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
शैक्षणिक योग्यता के आधार पर मिलेगा मासिक भत्ता
उपायुक्त सतबीर सिंह ने स्पष्ट किया कि योजना के अंतर्गत भत्ते की राशि आवेदक की शैक्षणिक योग्यता के अनुसार तय की गई है:
-
1,200 रुपये प्रतिमाह: बारहवीं उत्तीर्ण, दो वर्ष का प्रमाण पत्र अथवा डिप्लोमा धारक युवाओं को दिया जाएगा।
-
2,000 रुपये प्रतिमाह: स्नातक या उससे उच्च शिक्षा प्राप्त अथवा तीन वर्ष का डिप्लोमा धारक युवाओं को प्रदान किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें:- सरकारी खजाने पर साइबर अटैक का खतरा: हरियाणा में लागू हुए 4 सख्त नियम, 15 दिन में रिपोर्ट न देने पर रुकेगा भुगतान
योजना के लिए प्रमुख पात्रता शर्तें
इस योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदक को निम्नलिखित शर्तों को पूरा करना अनिवार्य है:
-
निवास एवं पंजीकरण: आवेदक हरियाणा का मूल निवासी होना चाहिए और 1 नवंबर 2026 तक राज्य के किसी भी रोजगार कार्यालय में उसका कम से कम लगातार तीन वर्ष से पंजीकृत होना आवश्यक है।
-
आयु सीमा: आवेदक की आयु 21 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
-
रोजगार स्थिति: आवेदक किसी संस्थान में नियमित विद्यार्थी या प्रशिक्षु नहीं होना चाहिए, न ही स्वरोजगार (स्वयं नियोजित) में लगा हो और न ही 'सक्षम युवा योजना' का लाभ ले रहा हो।
-
आय और संपत्ति सीमा: परिवार की सभी स्रोतों से वार्षिक आय 3 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। साथ ही, परिवार के पास 10 लाख रुपये से अधिक मूल्य की रिहायशी या वाणिज्यिक संपत्ति अथवा 2 हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि नहीं होनी चाहिए।
इसे भी पढ़ें:- हरियाणा की ब्यूरोक्रेसी में बड़ा फेरबदल तय! चीफ सेक्रेटरी समेत 3 वरिष्ठ IAS अधिकारी होंगे रिटायर
आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेज
इच्छुक युवा विभागीय पोर्टल hrex.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड, आधार से लिंक बैंक पासबुक, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, हरियाणा निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), राजस्व अधिकारी द्वारा सत्यापित संपत्ति संबंधी शपथ पत्र तथा स्व-घोषणा पत्र अपलोड करना अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त, विवाहित महिला आवेदकों को ससुराल पक्ष का राशन कार्ड भी संलग्न करना होगा।
उपायुक्त ने सभी पात्र युवाओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय रहते वेबसाइट पर पंजीकरण एवं आवेदन सुनिश्चित करें, ताकि वे सरकारी सहायता से वंचित न रहें।
इसे भी पढ़ें:- HKRN भर्ती 2026: पंचकूला में JE और कुरुक्षेत्र में बिल्डिंग इंस्पेक्टर के पदों पर निकली वैकेंसी, 27 नवंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन




