पंचायतों और नगर निकायों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर, जमीन और संपत्तियों से बढ़ेगी आय: मनोहर लाल

केंद्रीय ऊर्जा एवं आवासन तथा शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने पंचायतों और नगर निकायों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया।

पंचायतों और नगर निकायों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर, जमीन और संपत्तियों से बढ़ेगी आय: मनोहर लाल

केंद्रीय ऊर्जा एवं आवासन तथा शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने पंचायतों और नगर निकायों को मजबूत एवं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय और पंचायतें जितनी मजबूत होंगी, जनता की अपेक्षाओं और जरूरतों को उतनी ही बेहतर तरीके से पूरा किया जा सकेगा। गांवों में सरपंच और शहरों में पार्षद, मेयर एवं चेयरमैन सीधे जनता से जुड़े होते हैं। इसलिए उन्हें पर्याप्त वित्तीय संसाधन, अधिकार और कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी है।

मनोहर लाल सोमवार को गुरुग्राम के सेक्टर-51 स्थित गुरुग्राम विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान की ओर से आयोजित इस सम्मेलन का विषय पंचायतों एवं नगर निकायों को अधिकारों का हस्तांतरण, वित्तीय स्थिरता तथा प्रभावी सेवा वितरण था। कार्यक्रम का शुभारंभ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। इस अवसर पर विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल और संस्थान के महानिदेशक डॉ. राज नेहरू सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

पंचायतों की जमीन और संपत्तियों से बढ़ेगी आमदनी

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पंचायतों के पास उपलब्ध जमीन, भवन और तालाब उनकी आय बढ़ाने के महत्वपूर्ण साधन बन सकते हैं। पंचायत की जमीन को पारदर्शी तरीके से उचित दरों पर ठेके पर देना, तालाबों में मछली पालन को बढ़ावा देना, किराये पर भवन उपलब्ध कराना और स्थानीय स्तर पर मार्केट विकसित करना नियमित आय के अच्छे स्रोत हो सकते हैं।

उन्होंने कहा कि पंचायतों के पास फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) के रूप में जमा धनराशि को निष्क्रिय रखने के बजाय ऐसी संपत्तियां विकसित करने पर विचार करना चाहिए, जिनसे भविष्य में लगातार आमदनी हो सके। इसके लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को स्थानीय संसाधनों का सही उपयोग करते हुए पंचायतों तथा नगर निकायों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में काम करना चाहिए।

इसे भी पढ़ें:- हरियाणा में बाल विवाह पर सख्त पहरा: नाबालिग से शादी करने पर 2 साल की जेल और 1 लाख जुर्माना

गांवों में महीने में एक दिन होगा सामूहिक श्रमदान

मनोहर लाल ने गांवों की साझा संपत्तियों के संरक्षण के लिए सामूहिक श्रमदान की परंपरा को दोबारा शुरू करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव में महीने में एक दिन निर्धारित किया जाना चाहिए, जब सभी ग्रामीण एकत्रित होकर गांव के विकास और साफ-सफाई से जुड़े कार्यों में योगदान दें।

ग्राम सभा पहले से तय कर सकती है कि श्रमदान के दिन स्कूलों की मरम्मत, दीवारों की पुताई, गलियों और फिरनी की सफाई, तालाबों की देखरेख तथा पौधरोपण जैसे कौन-कौन से कार्य किए जाएंगे। इससे गांव की सार्वजनिक संपत्तियों का रखरखाव बेहतर होगा और ग्रामीणों में सामूहिक जिम्मेदारी तथा अपनापन भी बढ़ेगा।

सार्वजनिक संपत्तियों की देखरेख के लिए बनेगी केयरटेकर व्यवस्था

केंद्रीय मंत्री ने गांवों में स्कूलों, सामुदायिक भवनों और अन्य सार्वजनिक संपत्तियों की नियमित देखरेख पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रत्येक गांव में केयरटेकर की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि सार्वजनिक संपत्तियों को सुरक्षित रखा जा सके और समय पर उनकी मरम्मत कराई जा सके।

उन्होंने करनाल लोकसभा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां 15 ग्राम केयरटेकर नियुक्त किए गए हैं और एक पोर्टल भी बनाया गया है। इस पोर्टल के माध्यम से ग्रामीण सड़क, भवन या अन्य सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचने की स्थिति में उसकी तस्वीर अपलोड करके संबंधित विभाग तक शिकायत पहुंचा सकते हैं। विभाग को निर्धारित समय सीमा के भीतर समस्या का समाधान करना होगा।

इसे भी पढ़ें:- हरियाणा वन विभाग में बड़ा फेरबदल: 32 IFS अधिकारियों के तबादले, केसी मीना PCCF और नवदीप हुड्डा को वाइल्डलाइफ व फॉरेस्ट्री की कमान

आर्थिक मजबूती के साथ बेहतर रखरखाव भी जरूरी

मनोहर लाल ने कहा कि पंचायतों और नगर निकायों को केवल अपनी आय बढ़ाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उपलब्ध धनराशि का पारदर्शी और उचित उपयोग भी सुनिश्चित करना चाहिए। सार्वजनिक संपत्तियों का नियमित रखरखाव, स्थानीय संसाधनों का बेहतर प्रबंधन और जनता की समस्याओं का समय पर समाधान स्थानीय शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बना सकता है।

उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से अपील की कि वे मिलकर पंचायतों एवं नगर निकायों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाएं, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिल सके और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

इसे भी पढ़ें:- हरियाणा के 87 नगर निकायों में बनेंगी स्मार्ट रोड, एकरूप और आधुनिक डिजाइन में तैयार होंगे कम्युनिटी सेंटर