हरियाणा में 108 करोड़ का फंड घोटाला, फर्जी खातों से 1,897 ट्रांजेक्शन; 5 राज्यों में छापेमारी
हरियाणा के विकास एवं पंचायत विभाग में राज्य वित्त आयोग की योजनाओं के नाम पर करीब 108 करोड़ रुपये के घोटाले का मामला सामने आया है।
हरियाणा के विकास एवं पंचायत विभाग में करीब 108 करोड़ रुपये के फंड घोटाले ने प्रदेश में हड़कंप मचा दिया है। राज्य वित्त आयोग की योजनाओं के नाम पर हुए इस कथित घोटाले को लेकर सरकार अलर्ट हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में सिविल सचिवालय में इमरजेंसी बैठक बुलाई गई है। इसमें शिक्षा, पंचायत और शहरी स्थानीय निकाय समेत कई विभागों के अधिकारियों को शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।
523 बैंक खातों से मिले 1,897 संदिग्ध ट्रांजेक्शन
यह मामला 17 नवंबर को सामने आया था, जिसके बाद 19 नवंबर को FIR दर्ज की गई। शुरुआत में जांच के दौरान 74.70 लाख रुपये की ठगी का पता चला था। हालांकि, विभागीय ऑडिट में जांच का दायरा बढ़ने के बाद 523 बैंक खातों से 1,897 संदिग्ध ट्रांजेक्शन के जरिए करीब 108 करोड़ रुपये निकाले जाने की जानकारी सामने आई।
इसे भी पढ़ें:- हरियाणा CM की बैठक में पहुंचे कांग्रेस के सस्पेंडेड विधायक: विकास कार्यों की समीक्षा जारी
बैंक मैनेजर पर फर्जी खाते खुलवाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में बैंक के एक रिलेशनशिप मैनेजर पर गंभीर आरोप हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि उसने कथित तौर पर 5-5 लाख रुपये कमीशन लेकर फर्जी बैंक खाते खुलवाए। इन खातों में घोटाले की रकम ट्रांसफर कर निकाली गई। पंचकूला SIT ने बैंक मैनेजर समेत अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पांच राज्यों में पुलिस की छापेमारी
घोटाले की जांच के लिए पुलिस ने 10 टीमें गठित की हैं। ये टीमें हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब और राजस्थान में छापेमारी कर रही हैं। पुलिस संदिग्ध बैंक खातों, पैसों के लेन-देन और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
इसे भी पढ़ें:- हरियाणा बेरोजगारी भत्ता योजना 2026-27: पात्र युवाओं से 30 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित, मिलेगा 2,000 रुपये तक मासिक भत्ता
सरकार ने बुलाई इमरजेंसी बैठक
108 करोड़ रुपये के इस कथित घोटाले को लेकर सरकार ने उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल होंगे। माना जा रहा है कि जांच आगे बढ़ने के साथ घोटाले में शामिल आरोपियों की संख्या और कथित घोटाले की रकम में भी बढ़ोतरी हो सकती है।




