रोहतक MDU में इनसो ने शिक्षा मंत्री को घेरा, फीस बढ़ोतरी वापस लेने की मांग
रोहतक की MDU में इंटर जोनल यूथ फेस्टिवल के दौरान इनसो कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के सामने छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दे उठाए।
हरियाणा के रोहतक स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में छात्रों ने शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के सामने अपनी मांगें रखीं। विश्वविद्यालय में आयोजित इंटर जोनल यूथ फेस्टिवल में पहुंचे मंत्री को इनसो (इंडियन नेशनल स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन) के प्रदेशाध्यक्ष दीपक मलिक के नेतृत्व में छात्रों ने घेर लिया। इस दौरान कुछ देर तक छात्रों और मंत्री के बीच बहस भी हुई। बाद में छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
फीस बढ़ोतरी रोकने के लिए रेगुलेटरी बोर्ड की मांग
इनसो प्रदेशाध्यक्ष दीपक मलिक ने कहा कि प्रदेश में फीस रेगुलेटरी बोर्ड का गठन किया जाना चाहिए, ताकि विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों की मनमानी फीस वृद्धि पर रोक लग सके। उन्होंने हर साल होने वाली 10 प्रतिशत फीस बढ़ोतरी का फैसला वापस लेने की मांग भी उठाई।
इसे भी पढ़ें:- हरियाणा में 108 करोड़ का फंड घोटाला, फर्जी खातों से 1,897 ट्रांजेक्शन; 5 राज्यों में छापेमारी
यूनिवर्सिटी में खाली पदों पर हो स्थायी भर्ती
छात्रों ने सरकारी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में शिक्षकों तथा गैर-शिक्षण कर्मचारियों के खाली पदों को स्थायी भर्ती के माध्यम से भरने की मांग की। इसके अलावा HPSC की भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और लंबित भर्तियों को जल्द पूरा करने की बात भी कही।
सरकारी नौकरियों में हरियाणा के युवाओं को प्राथमिकता
इनसो ने प्रदेश की सरकारी नौकरियों में हरियाणा के योग्य युवाओं के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी नीति बनाने की मांग की। संगठन का कहना है कि विश्वविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर सहित अन्य शैक्षणिक पदों पर भर्ती के दौरान प्रदेश के युवाओं को उचित अवसर मिलने चाहिए।
इसे भी पढ़ें:- हरियाणा में XEN-SDO की गृह जिलों में तैनाती पर रोक, इंजीनियर्स एसोसिएशन ने जताई नाराजगी
सस्ती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर
दीपक मलिक ने कहा कि शिक्षा हर विद्यार्थी की पहुंच में होनी चाहिए। लगातार बढ़ती फीस से छात्रों और उनके अभिभावकों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में सरकार को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में कदम उठाने चाहिए।
छात्रों की मांगों और ज्ञापन को शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने सुना। उन्होंने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।




