रोहतक में APK फाइल से ₹95 हजार की साइबर ठगी, बिहार-झारखंड के 2 आरोपी गिरफ्तार
रोहतक में बैंक अधिकारी बनकर क्रेडिट कार्ड बंद कराने के बहाने 95,095 रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
हरियाणा के रोहतक में साइबर ठगी के एक मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर बैंक अधिकारी बनकर क्रेडिट कार्ड से जुड़ी जानकारी हासिल करने और APK फाइल के जरिए 95,095 रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार निवासी विवेक और झारखंड निवासी गौतम के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश कर पूछताछ शुरू कर दी है।
क्रेडिट कार्ड बंद कराने के नाम पर किया संपर्क
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-35 निवासी युद्धबीर के पास एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताया और क्रेडिट कार्ड का प्लान बंद कराने तथा बैलेंस की जानकारी देने की बात कही। इसके बाद उसने पीड़ित को इंडसवैब ऐप के नाम से एक APK फाइल भेजी।
इसे भी पढ़ें:- हरियाणा में 108 करोड़ का फंड घोटाला, फर्जी खातों से 1,897 ट्रांजेक्शन; 5 राज्यों में छापेमारी
फाइल खोलते ही बैंक खाते से निकले पैसे
पीड़ित ने जैसे ही APK फाइल खोलकर उसमें अपने कार्ड की जानकारी दर्ज की, आरोपी को उसके मोबाइल फोन तक पहुंच मिल गई। इसके बाद आरोपियों ने अन्य बैंक कार्ड की जानकारी भी हासिल कर ली। कुछ समय बाद युद्धबीर के खाते से 95,095 रुपये कटने का मैसेज आया। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई।
अन्य वारदातों को लेकर पूछताछ जारी
शिकायत के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। कार्रवाई करते हुए बिहार और झारखंड के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे इस तरह की अन्य साइबर ठगी की घटनाओं में भी शामिल हैं या नहीं।
इसे भी पढ़ें:-हरियाणा में XEN-SDO की गृह जिलों में तैनाती पर रोक, इंजीनियर्स एसोसिएशन ने जताई नाराजगी
पुलिस ने लोगों को किया सतर्क
पुलिस प्रवक्ता मनीष ने लोगों से अपील की है कि अनजान नंबरों से आने वाली APK फाइल डाउनलोड न करें। खुद को बैंक अधिकारी बताने वाले अज्ञात लोगों के साथ कार्ड या बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा करने से बचें। किसी भी संदिग्ध लिंक या फाइल से दूरी बनाए रखें, ताकि साइबर धोखाधड़ी से बचा जा सके।




