रोहतक में दीपावली पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम: बाजारों में बढ़ी पुलिस गश्त, चप्पे-चप्पे पर नजर
शहर के भीड़भाड़ वाले बाजारों में पैदल गश्त बढ़ाई गई है, नाकाबंदी की गई है और सीआईए तथा क्यूआरटी टीमों को तैनात किया गया है।
रोहतक में दीपावली के त्यौहार को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध किए हैं। शहर में भीड़-भाड़ वाले इलाकों व बाजारों में पैदल गश्त बढ़ाई गई है और विभिन्न स्थानों को चिन्हित कर नाकाबंदी की गई है। जिला पुलिस की तरफ से ज्यादा से ज्यादा फोर्स को गश्त व नाकाबंदी पर तैनात किया गया है। सीआईए की अलग-अलग टीमें निरंतर गश्त कर रही हैं, जबकि क्यूआरटी टीमों को शहर में अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया है जो आधुनिक हथियारों से लैस और किसी भी परिस्थिति से निपटने में सक्षम हैं।
ट्रैफिक को सुचारू रूप से चलाने के लिए रूट डायवर्ट किए गए हैं, वाहनों की आवाजाही रोकी गई है और नए पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। एसपी के निर्देशानुसार बाजारों और भीड़ वाले क्षेत्रों में महिला पुलिस को भी गश्त पर तैनात किया गया है। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा और देर रात तक गश्त करने के आदेश दिए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत धर्मशाला, होटल, सराय और अन्य संदिग्ध स्थानों की निरंतर जांच की जा रही है और संदिग्ध व्यक्तियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। सीआईए स्टाफ की टीमों द्वारा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, रेलवे रोड, किला रोड, शोरी मार्केट, बड़ा बाजार, गांधी कैंप मार्केट, भिवानी स्टैंड और डी-पार्क जैसे व्यस्त इलाकों में गश्त की गई।
नागरिकों से अपील: पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी लावारिस या संदिग्ध वस्तु को न छुएं और इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। कोई संदिग्ध व्यक्ति या वाहन दिखने पर तुरंत डायल 112 या नजदीकी थाना-चौकी में सूचना दें। नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और अपने वाहन तय पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करने का आह्वान किया गया है।




