मनीष ग्रोवर का कांग्रेस पर तीखा हमला: पूछा—अगर वोट चोरी पता थी तो SIR बैठकों में चुप क्यों रही कांग्रेस?
हरियाणा सरकार के पूर्व मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता मनीष कुमार ग्रोवर ने रोहतक में आयोजित 'मन की बात' कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे "वोट चोरी" के आरोपों पर कड़ा प्रहार किया।
रोहतक,
हरियाणा सरकार के पूर्व मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता मनीष कुमार ग्रोवर ने रविवार को एक बार फिर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के मुद्दे पर कांग्रेस रोहतक जिला प्रशासन के साथ हर बैठक में उपस्थित रही, तो अब वोट चोरी पर शोर क्यों मचा रही है? उस वक्त कांग्रेस ने न तो कोई आपत्ति दर्ज कराई और न ही कोई शिकायत दी।
ग्रोवर रविवार को रोहतक के मॉडल टाउन स्थित बूथ नंबर 33 पर आयोजित ‘मन की बात’ कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि रोहतक के मतदाता कांग्रेस से सवाल पूछ रहे हैं कि जब SIR की प्रक्रिया चल रही थी, तब कांग्रेस के प्रतिनिधि (रोहतक विधायक BLA-1 की जिम्मेदारी के साथ) रोहतक जिला प्रशासन के साथ बैठकों में शामिल होते रहे। उस समय कांग्रेस ने रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष क्या कोई औपचारिक शिकायत दर्ज कराई? क्या चुनाव आयोग को कोई शिकायत दी? यदि उस समय कांग्रेस ने किसी अनियमितता को लेकर शिकायत नहीं की, तो अब अचानक वोट चोरी के आरोप लगाकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास क्यों किया जा रहा है?
मनीष ग्रोवर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने रोहतक विधानसभा में SIR के लिए अपने एक साधारण कार्यकर्ता को BLA-1 की जिम्मेदारी सौंपी है, जबकि कांग्रेस ने अपने किसी सामान्य कार्यकर्ता पर भरोसा करने के बजाय रोहतक विधानसभा के विधायक को BLA-1 बनाया है। यह अंतर दोनों दलों की कार्यशैली और अपने कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने के दृष्टिकोण पर सवाल खड़े करता है। लोकतंत्र में चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने से पहले अपने आरोपों के समर्थन में तथ्य प्रस्तुत करने चाहिए।
ग्रोवर ने कांग्रेस से सवाल किया कि आखिर वह कब तक वोट चोरी के आरोप लगाकर राजनीतिक बहस को आगे बढ़ाती रहेगी? इससे पहले, उन्होंने पूर्वांचल जनकल्याण सेवा संस्था की ओर से आयोजित 'मन की बात' कार्यक्रम को कार्यकर्ताओं और रोहतकवासियों के साथ लाइव सुना। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि दिवाली पर 'मेक इन इंडिया' उत्पादों को प्राथमिकता दें और देश की खादी को बढ़ावा दें।
इससे पहले, मेयर राम अवतार वाल्मीकि और मार्केट कमेटी के अध्यक्ष अशोक चौधरी ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष अमित मग्गू, राजेश खुल्लर, अशोक खुराना, संदीप पांडे, सुनील पसरिजा, सुरेंद्र मग्गू, सुरेंद्र यश, मुकेश टक्कर, आशीष दुबे, सरदार कुलविंदर सिक्का, राजन बोहत, विकास बंसल, साहिल मग्गू सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।




