रोहतक मंडी में कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा का औचक निरीक्षण आज: सांपला, रोहतक और महम अनाज मंडी का लेंगे जायजा; किसानों की सुनेंगे समस्याएं
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा आज रोहतक जिले की सांपला, रोहतक और महम अनाज मंडियों का औचक निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे धान और बाजरे की सरकारी खरीद का जायजा लेंगे
रोहतक जिले की अनाज मंडियों में धान और बाजरे की खरीद प्रक्रिया का जायजा लेने के लिए आज कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा औचक निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे मंडियों में फसल खरीद व्यवस्था का निरीक्षण करेंगे और किसानों व आढ़तियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास करेंगे।
दौरे का पूरा शेड्यूल
सांपला अनाज मंडी: कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा सबसे पहले सांपला अनाज मंडी पहुंचकर फसल खरीद की स्थिति की जानकारी लेंगे।
रोहतक अनाज मंडी: इसके बाद वे रोहतक की मुख्य अनाज मंडी का दौरा करेंगे और मंडी में उपलब्ध सुविधाओं व व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।
महम अनाज मंडी: दोपहर बाद मंत्री महम अनाज मंडी पहुंचेंगे, जहां वे सीधे किसानों से संवाद कर उनकी शिकायतें सुनेंगे।
नमी और 'कलर फेड' के नाम पर परेशान हो रहे किसान
अनाज मंडियों में किसान अपनी पीआर धान और बाजरे की फसल लेकर बैठे हैं, लेकिन सरकारी खरीद में देरी और कड़े नियमों के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का आरोप है कि फसल में नमी का हवाला देकर ढेरियों को नहीं खरीदा जा रहा है। जब किसान फसल सुखाते हैं, तो उनका रंग उड़ने (कलर फेड) की बात कहकर कीमत में कटौती की बात कही जाती है।
हाल ही में मंत्री अरविंद शर्मा के सामने छलका था किसान का दर्द
हाल ही में जब कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा अनाज मंडी के निरीक्षण पर आए थे, तब किसान सत्यव्रत ने उनके सामने अपना गुस्सा और दर्द जाहिर किया था। किसान ने आरोप लगाया था:
मार्केट कमेटी के सदस्य 'कलर फेड' बताकर फसल की कीमत में कट लगाने की बात करते हैं।
आढ़तियों और अधिकारियों की मिलीभगत से मंडी में एक पूरा रैकेट चल रहा है, जो किसानों का शोषण कर रहा है।
आढ़तियों से पैसे लेकर किसानों पर अनावश्यक कट लगाए जा रहे हैं।




