हरियाणा परिसीमन: 90 से बढ़कर 135 हो सकती हैं विधानसभा और 15 लोकसभा सीटें
हरियाणा में आगामी परिसीमन के जरिए लोकसभा और विधानसभा सीटों का पूरा चुनावी गणित बदलने की संभावना है।
हरियाणा में आगामी परिसीमन के जरिए लोकसभा और विधानसभा सीटों का पूरा चुनावी गणित बदलने की संभावना है। केंद्र सरकार के नए प्रस्ताव के अनुसार, राज्यों में लोकसभा और विधानसभा की मौजूदा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रावधान है। यदि यह फॉर्मूला लागू होता है, तो हरियाणा में लोकसभा सीटें 10 से बढ़कर 15 और विधानसभा सीटें 90 से बढ़कर 135 हो जाएंगी। यानी प्रदेश में 5 नए लोकसभा क्षेत्र और करीब 45 नई विधानसभा सीटें अस्तित्व में आ सकती हैं। हालांकि, सीटों की अंतिम संख्या, नाम और सीमाओं का निर्धारण परिसीमन आयोग द्वारा ही किया जाएगा।
इन 5 जिलों में बन सकते हैं नए लोकसभा क्षेत्र
प्रदेश में 5 नई लोकसभा सीटें बनने की चर्चाओं के बीच पलवल, झज्जर, जींद, रेवाड़ी और फतेहाबाद के नाम प्रमुखता से सामने आ रहे हैं। वर्तमान में कई लोकसभा क्षेत्र एक से अधिक जिलों में फैले हुए हैं। नए परिसीमन में आबादी, भौगोलिक क्षेत्र, प्रशासनिक सीमाओं और मतदाताओं की संख्या के आधार पर इनका पुनर्गठन किया जा सकता है:
-
भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र को दो हिस्सों में बांटकर महेंद्रगढ़ क्षेत्र को रेवाड़ी के साथ जोड़ने की चर्चा है।
-
हिसार लोकसभा क्षेत्र से उचाना विधानसभा क्षेत्र को अलग कर जींद के साथ जोड़ा जा सकता है।
इसे भी पढ़ें:-हरियाणा विधानसभा में भाजपा-कांग्रेस विधायकों की भाषा पर स्पीकर सख्त
राजनीतिक घरानों के गढ़ों पर पड़ेगा सीधा असर
संभावित परिसीमन से उन क्षेत्रों का चुनावी समीकरण बदल सकता है, जहां लंबे समय से राज्य के प्रमुख राजनीतिक परिवारों का दबदबा रहा है। इनमें राव इंद्रजीत सिंह का अहीरवाल, बंसीलाल परिवार का भिवानी, भजनलाल परिवार का हिसार-आदमपुर, चौटाला परिवार का सिरसा-डबवाली और हुड्डा परिवार का रोहतक क्षेत्र शामिल हैं।
-
संभावित बदलावों में कोसली को झज्जर लोकसभा क्षेत्र के साथ जोड़ा जा सकता है।
-
चौटाला परिवार के प्रभाव वाले कुछ इलाकों को हिसार से अलग किया जा सकता है।
-
यदि फतेहाबाद नया लोकसभा क्षेत्र बनता है, तो बिश्नोई परिवार के प्रभाव वाले आदमपुर और आसपास के गांवों का चुनावी गणित भी प्रभावित होगा। कई गांवों के एक निर्वाचन क्षेत्र से दूसरे में जाने से मतदाताओं के नए समीकरण बनेंगे।
इसे भी पढ़ें:- हरियाणा CM की बैठक में पहुंचे कांग्रेस के सस्पेंडेड विधायक
भाजपा ने जुटाया पिछले 6 चुनावों का गांववार डेटा
परिसीमन की संभावनाओं को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठनात्मक स्तर पर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी द्वारा गांवों का सर्वे कराया जा रहा है, जिसमें पिछले 6 चुनावों के नतीजों का विश्लेषण किया जा रहा है। इसके जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि किन गांवों में भाजपा को जीत मिली और किन क्षेत्रों में पार्टी अब तक जीत दर्ज नहीं कर सकी है। लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों के हिसाब से तैयार हो रही यह रिपोर्ट नए निर्वाचन क्षेत्रों में पार्टी की रणनीति बनाने में मददगार साबित होगी। हालांकि, यह सर्वे पूरी तरह पार्टी की आंतरिक चुनावी रणनीति के लिए है और परिसीमन आयोग के लिए सीटों की सीमाएं तय करने का यह कोई आधिकारिक आधार नहीं होगा।




