रोहतक एसपी ने गांव पाक्समा में सुनी समस्याएं, युवाओं को नशे व साइबर क्राइम के प्रति किया जागरूक
रोहतक पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने गांव पाक्समा का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।
रोहतक: पुलिस अधीक्षक (एसपी) गौरव राजपुरोहित ने गांव पाक्समा का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने सरपंच जयभगवान, कपूर नंबरदार, सतपाल नंबरदार, सुरेंद्र राणा, यशपाल राणा सहित गांव के अन्य मौजिज व्यक्तियों, महिलाओं और युवाओं के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। एसपी ने कई समस्याओं का मौके पर ही निपटारा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में एसपी ने युवाओं को नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा पढ़ाई और खेलों में अधिक से अधिक रुचि लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने जिला रोहतक को नशा और अपराध मुक्त बनाने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांव में अवैध शराब, स्मैक, गांजा, चरस या अफीम बेचने वाले नशा तस्करों और शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों की सूचना गुप्त रूप से पुलिस को दें।
इसे भी पढ़ें:- रोहतक में APK फाइल से ₹95 हजार की साइबर ठगी, बिहार-झारखंड के 2 आरोपी गिरफ्तार
इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को साइबर अपराध के प्रति भी सचेत किया। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड नंबर, एक्सपायरी डेट या सीवीवी नंबर साझा न करें। किसी अपरिचित नंबर से आए व्हाट्सएप मैसेज, लिंक या फोटो पर क्लिक न करें, न ही किसी के कहने पर कोई अनजान एप्लीकेशन डाउनलोड करें। इसके अलावा व्हाट्सएप पर अज्ञात नंबरों से आने वाली ऑडियो या वीडियो कॉल रिसीव करने से भी बचें।
इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक सांपला ऋषिकांत, सांपला थाना प्रभारी उप-निरीक्षक महेंद्र सिंह सहित अन्य पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें:- रोहतक होटल हत्याकांड में युवती की भूमिका पर शक, बैंकॉक जाने का दावा




