खिलाड़ियों के अधिकारों पर हुड्डा का निशाना

किलोई में आयोजित 40वीं डॉ. रामधन सिंह मेमोरियल बास्केटबॉल और कबड्डी प्रतियोगिता में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा

 1.4k
खिलाड़ियों के अधिकारों पर हुड्डा का निशाना

पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने किलोई में स्पोर्ट्स प्रमोशन क्लब द्वारा आयोजित 40वीं डॉ. रामधन सिंह मेमोरियल बास्केटबॉल और कबड्डी प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और आयोजकों के प्रयासों की सराहना की।

हुड्डा ने कहा कि युवाओं को नशे और अपराध से दूर रखने के लिए खेल सबसे प्रभावी माध्यम हैं तथा किसी भी देश की प्रगति में खेलों का स्तर एक अहम पैमाना होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने कांग्रेस की ‘पदक लाओ, पद पाओ’ नीति बंद करके खिलाड़ियों से डीएसपी जैसे उच्च पदों पर नियुक्ति का अधिकार छीन लिया और पूर्व में डीएसपी बने खिलाड़ियों को पदोन्नति नहीं दी।

इसे भी पढ़ें:- रोहतक: सर छोटूराम धाम का 10वां स्थापना दिवस आज, जुटेंगे दिग्गज नेता

उन्होंने आगे कहा कि कई पदक विजेता खिलाड़ियों को एचसीएस और एचपीएस पदों के लिए आठ वर्ष तक न्यायिक लड़ाई लड़नी पड़ी, जिसके बाद पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश से उन्हें न्याय मिला। हुड्डा ने कांग्रेस सरकार के समय बने ग्रामीण खेल स्टेडियमों के रख-रखाव की कमी, स्कूली स्तर की स्पैट प्रतियोगिता बंद करने और ‘खेलो इंडिया’ बजट में हरियाणा को कथित रूप से केवल 3 प्रतिशत हिस्सा मिलने का मुद्दा भी उठाया।

कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए हुड्डा ने दावा किया कि हरियाणा में दर्जनों गैंग सक्रिय हैं और रोहतक में चार युवाओं की हत्या ने प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति को उजागर किया है। इस कार्यक्रम में विधायक भारत भूषण बतरा, पूर्व विधायक सुभाष बतरा, प्रोफेसर वीरेंद्र, बलवान रंगा, राज बहादुर शर्मा, क्लब अध्यक्ष टिन्नू हुड्डा, सतपाल हुड्डा और शमशेर ब्लॉक प्रधान चांद रूप हुड्डा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें:- हरियाणा परिसीमन: 90 से बढ़कर 135 हो सकती हैं विधानसभा और 15 लोकसभा सीटें