हरियाणा में सफाई-कर्मियों को दिवाली पर मिलेगा ₹525 का इनाम: ठेकेदारों की लापरवाही से वेतन अटका; 6 नवंबर तक भुगतान के निर्देश
कर्मचारियों को दीपावली से पहले ₹525 की उपहार राशि, मिठाई और अक्टूबर महीने का वेतन 6 नवंबर तक जारी करने की मांग की है।
हरियाणा में त्योहारों के मौसम में भी सफाई कर्मचारियों को अपने हक के लिए आवाज उठानी पड़ रही है। दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार से ठीक पहले प्रदेश के करीब 50 हजार नियमित और अनियमित सफाई कर्मचारियों का वेतन और त्योहार उपहार अटक गया है। इस गंभीर समस्या को देखते हुए नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा ने कड़ा रुख अपनाया है और शहरी स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक को पत्र लिखकर तुरंत कार्रवाई की मांग की है।
6 नवंबर तक वेतन जारी करने का अल्टीमेटम
नगरपालिका कर्मचारी संघ ने सरकार और संबंधित विभाग से मांग की है कि अक्टूबर महीने का बकाया वेतन हर हाल में 6 नवंबर तक जारी किया जाए। संघ का कहना है कि ठेकेदारों और अधिकारियों की लापरवाही की वजह से कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनके घरों में दीवाली का त्योहार फीका पड़ने का संकट मंडरा रहा है।
₹525 की टोकन राशि और मिठाई देने की सिफारिश
संघ ने अपने पत्र में याद दिलाया कि हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग ने पहले ही समय पर वेतन भुगतान के साथ-साथ दीपावली के अवसर पर प्रत्येक सफाई कर्मचारी को ₹525 की टोकन उपहार राशि और मिठाई देने की स्पष्ट सिफारिश की थी।
इसके बावजूद, जमीनी स्तर पर कर्मचारियों को न तो यह टोकन राशि मिली है और न ही मिठाई दी गई है। प्रदेशभर से लगातार कर्मचारियों की शिकायतें आ रही हैं कि उन्हें इन लाभों से वंचित रखा जा रहा है।
50 हजार कर्मचारियों के परिवारों पर असर
हरियाणा के विभिन्न नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पालिकायों में कार्यरत लगभग 50 हजार नियमित और ठेके पर काम करने वाले सफाई कर्मचारी इस वित्तीय देरी से प्रभावित हो रहे हैं। संघ का कहना है कि दिन-रात शहर की सफाई व्यवस्था संभालने वाले इन अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों को उनके अधिकार का लाभ समय पर न मिलना बेहद निराशाजनक है।




