रोहतक में धूमधाम से मनाई गई छठ पूजा: भालौठ नहर के घाटों पर उमड़ी भीड़, व्रतियों ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य
रोहतक में पूर्वांचल की संस्कृति का अनूठा रंग देखने को मिला, जहां दिल्ली बाइपास स्थित भालौठ सब ब्रांच नहर पर छठ महापर्व धूमधाम से मनाया गया।
रोहतक जिले में लोक आस्था के महापर्व छठ की धूम चारों तरफ नजर आई। शहर के दिल्ली बाइपास स्थित भालौठ सब ब्रांच नहर के किनारे पूर्वांचल संस्कृति की अद्भुत झलक देखने को मिली, जहां विशेष तौर पर तैयार किए गए घाट और आकर्षक रोशनी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
36 घंटे का कठिन निर्जल उपवास
पूर्वांचल एकता सेवा समिति के प्रधान संजीव ने इस पावन अवसर पर बताया कि यह महापर्व शुद्धता और पवित्रता का प्रतीक है। महिलाओं ने अपने पति और पुत्र की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ 36 घंटे का कठिन निर्जल व्रत रखा। भगवान सूर्य नारायण की आराधना करते हुए श्रद्धालुओं ने पूरी निष्ठा के साथ इस अनुष्ठान को पूरा किया
यह भी पढ़ें:-रोहतक में छठ पूजा के दौरान खूनी संघर्ष: दो सगे भाइयों पर चाकू से हमला
रोशनी से जगमगाए नहर के घाट
जिला प्रशासन और समिति के सदस्यों के संयुक्त प्रयासों से भालौठ नहर पर विशेष और भव्य घाटों का निर्माण किया गया था। शाम ढलते ही यहां की सजावट और रंग-बिरंगी लाइट्स ने एक अलौकिक छटा बिखेरी, जो इस आयोजन का मुख्य आकर्षण बनी। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने ढलते हुए सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया।
बाजारों में भी रही रौनक
छठ पर्व के चलते रोहतक के बाजारों में सुबह से ही जबरदस्त चहल-पहल देखने को मिली। बांस की डलिया, सूप, नारियल, ताजा गन्ने (ईख) और अन्य पारंपरिक पूजा सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भारी भीड़ जुटी रही। हर कोई अपनी आस्था के अनुसार पूजा की तैयारियों को अंतिम रूप देने में व्यस्त नजर आया।




