रोहतक के बहुअकबरपुर में 3 साल से खेतों में जलभराव: गेहूं की बुआई पर मंडराया संकट, किसानों ने सरकार से लगाई समाधान की गुहार

ग्राम पंचायत से मदद न मिलने के बाद अब पीड़ित किसानों ने जिला प्रशासन और सरकार से मौके का निरीक्षण कर जल निकासी का स्थायी समाधान करने की मांग की है।

रोहतक के बहुअकबरपुर में 3 साल से खेतों में जलभराव: गेहूं की बुआई पर मंडराया संकट, किसानों ने सरकार से लगाई समाधान की गुहार
रोहतक: जिले के गांव बहुअकबरपुर में पिछले तीन वर्षों से खेतों में लगातार जलभराव रहने के कारण किसानों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। खेतों में पानी भरा होने की वजह से किसान पिछले तीन साल से एक भी फसल की बुआई नहीं कर पाए हैं। अब रबी सीजन में गेहूं की बुआई का समय निकलने के डर से परेशान किसानों ने सरकार और जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की गुहार लगाई है।
गांव बहुअकबरपुर निवासी किसान जयदीप बल्हारा और उनके छोटे भाई की कृषि भूमि (खसरा नंबर 254, 255, 259, 260 और 261) पिछले तीन साल से लगातार जलमग्न है। पीड़ित किसानों का कहना है कि कभी बरसात का पानी तो कभी नहरी पानी रिसाव के कारण उनके खेतों में जमा हो जाता है। जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से जमीन पूरी तरह दलदल बन चुकी है, जिससे खेती करना असंभव हो गया है।
पंचायत स्तर पर नहीं हुई कोई सुनवाई

किसान जयदीप बल्हारा ने बताया कि वे पिछले तीन वर्षों से कई बार गांव के सरपंच, पंचायत प्रतिनिधियों और नंबरदार को मौखिक रूप से अपनी इस पीड़ा से अवगत करा चुके हैं। इसके बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। हाल ही में 8 नवंबर को उन्होंने ग्राम पंचायत को लिखित शिकायत भी सौंपी थी, लेकिन सरपंच प्रतिनिधि ने सहायता करने से स्पष्ट इनकार कर दिया।
गेहूं की बुआई पर मंडराया संकट

वर्तमान में रबी सीजन के तहत गेहूं की बिजाई का मुख्य समय चल रहा है। किसानों का कहना है कि यदि प्रशासन ने जल्द ही खेतों से पानी निकालने का इंतजाम नहीं किया, तो लगातार चौथे सीजन में भी उनकी जमीन बंजर पड़ी रहेगी। पीड़ित किसानों ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से मांग की है कि अधिकारी मौके पर आकर खेतों का निरीक्षण करें, जलभराव के मुख्य कारणों की जांच करें और पानी निकासी के लिए स्थायी समाधान सुनिश्चित करें।