हरियाणा पुलिस की वैज्ञानिक पुलिसिंग को बड़ी कामयाबी, नेफिस और एमसीयू से 23 हजार से अधिक फिंगरप्रिंट का मिलान

हरियाणा पुलिस ने आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक साक्ष्यों के जरिए अपराध अनुसंधान को नई मजबूती दी है।

हरियाणा पुलिस की वैज्ञानिक पुलिसिंग को बड़ी कामयाबी, नेफिस और एमसीयू से 23 हजार से अधिक फिंगरप्रिंट का मिलान

हरियाणा में अपराधियों की पहचान और आपराधिक मामलों की जांच को अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस आधुनिक तकनीक का सहारा ले रही है। वैज्ञानिक साक्ष्यों और डिजिटल प्रणालियों के इस्तेमाल से हरियाणा पुलिस ने अपराध अनुसंधान के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नेशनल ऑटोमेटेड फिंगरप्रिंट आइडेंटिफिकेशन सिस्टम और मेजरमेंट कलेक्शन यूनिट की मदद से अपराधियों की पहचान, उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड का सत्यापन और अलग-अलग राज्यों में सक्रिय अपराधियों के बीच संबंधों का पता लगाना आसान हुआ है।

हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने बताया कि प्रदेश में वैज्ञानिक पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए विभिन्न जिलों, उपमंडलों और विशेष पुलिस इकाइयों में कुल 100 आधुनिक वर्कस्टेशन स्थापित किए गए हैं। इनमें 69 नेफिस और 31 एमसीयू वर्कस्टेशन शामिल हैं। इनकी मदद से पुलिस अधिकारियों को फिंगरप्रिंट और अपराधियों की डिजिटल पहचान से जुड़ी जानकारी तेजी से उपलब्ध हो रही है।

नेफिस डेटाबेस में 72,172 फिंगरप्रिंट अपलोड

राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो की पुलिस अधीक्षक नितिका गहलोत के अनुसार, 1 जनवरी से 31 अक्टूबर 2026 तक हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों, सजा प्राप्त व्यक्तियों और अज्ञात व्यक्तियों के कुल 72,172 फिंगरप्रिंट नेफिस पोर्टल पर अपलोड किए हैं। इनमें से 23,154 फिंगरप्रिंट का सफलतापूर्वक मिलान किया गया।

इससे कई आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड सामने आए हैं। साथ ही, अलग-अलग स्थानों पर हुई आपराधिक घटनाओं के बीच संबंध स्थापित करने में भी पुलिस को मदद मिली है।

अपराध स्थलों के फिंगरप्रिंट से 94 अपराधियों की पहचान

अपराध स्थलों से प्राप्त चांस प्रिंट भी पुलिस जांच में अहम साबित हुए हैं। इस अवधि में विशेषज्ञों ने 3,415 चांस प्रिंट का वैज्ञानिक सत्यापन कर उन्हें नेफिस पोर्टल पर अपलोड किया। इनमें से 94 का सफलतापूर्वक मिलान हुआ।

इन साक्ष्यों से हत्या, लूट, चोरी और संपत्ति से जुड़े अन्य गंभीर अपराधों की जांच में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। इससे अपराधियों को संबंधित घटनास्थलों से जोड़ने में मदद मिली है।

25 अज्ञात शवों की हुई पहचान

नेफिस तकनीक का एक महत्वपूर्ण मानवीय पहलू भी सामने आया है। फिंगरप्रिंट मिलान के जरिए हरियाणा पुलिस ने 25 अज्ञात शवों की पहचान करने में सफलता हासिल की है। इससे संबंधित मामलों की जांच को आगे बढ़ाने के साथ लंबे समय से अपने परिजनों की तलाश कर रहे परिवारों को भी राहत मिली है।

एमसीयू में 48,281 आरोपियों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार

मेजरमेंट कलेक्शन यूनिट के माध्यम से अब तक 48,281 आरोपियों का डिजिटल पंजीकरण किया जा चुका है। इसमें आरोपियों की व्यक्तिगत जानकारी और शारीरिक पहचान से जुड़े विवरण दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा संदिग्धों के फोटो और वीडियो रिकॉर्ड भी सुरक्षित रखे गए हैं।

इस डिजिटल डेटाबेस से पुलिस अधिकारियों को आरोपियों की पहचान, पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के सत्यापन और विभिन्न मामलों की जांच में मदद मिल रही है।

तकनीक आधारित पुलिसिंग से मजबूत होगी अपराध नियंत्रण व्यवस्था: डीजीपी

पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि बदलते समय में अपराधों से निपटने के लिए पुलिस व्यवस्था को आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक साक्ष्यों और सटीक खुफिया जानकारी से जोड़ना जरूरी है। नेफिस और एमसीयू जैसी प्रणालियां अपराधियों की पहचान को अधिक तेज, सटीक और विश्वसनीय बना रही हैं।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को इन तकनीकों का अधिकतम उपयोग करने तथा फिंगरप्रिंट और बायोमेट्रिक रिकॉर्ड को नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए।

डीजीपी ने कहा कि हरियाणा पुलिस का उद्देश्य प्रत्येक आपराधिक मामले की जांच को वैज्ञानिक साक्ष्यों पर आधारित बनाना है, ताकि दोषियों को कानून के दायरे में लाया जा सके और निर्दोष लोगों को अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सके।

हरियाणा पुलिस की यह पहल आधुनिक तकनीक के माध्यम से अपराध अनुसंधान को नई दिशा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले समय में नेफिस और एमसीयू का व्यापक डिजिटल डेटाबेस अंतरराज्यीय अपराधों की पहचान और अपराध नियंत्रण व्यवस्था को और मजबूत बनाने में सहायक साबित हो सकता है।