रोहतक में युवक पर जानलेवा हमला - तेजधार हथियारों के बाद पैर में मारी गोली; 4 गाड़ियों में आए थे हमलावर, 14 पर मामला दर्ज
रोहतक जिले के सांपला कस्बे में बुधवार देर रात बहादुरगढ़ निवासी मोहित पर 4 गाड़ियों में आए दो दर्जन से अधिक युवकों ने कुल्हाड़ी और फरसे से जानलेवा हमला कर दिया।
रोहतक जिले के सांपला कस्बे में बुधवार देर रात एक युवक पर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खरखौदा रोड स्थित कृष्णा विहार कॉलोनी के एक मकान में बैठे बहादुरगढ़ निवासी मोहित पर दो दर्जन से अधिक युवकों ने कुल्हाड़ी और फरसे जैसे तेजधार हथियारों से हमला कर दिया और गोली मार दी। गोली युवक के पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
निजी अस्पताल में भर्ती, पुलिस और FSL टीम ने की जांच वारदात के तुरंत बाद घायल मोहित को उपचार के लिए रोहतक के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घायल के पिता की शिकायत पर 4 नामजद और 10 अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
4 गाड़ियों में सवार होकर आए थे 20 से ज्यादा हमलावर पीड़ित के पिता अजय (निवासी बहादुरगढ़) द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, बुधवार को उनका बेटा मोहित सांपला में अपने एक रिश्तेदार के साथ मकान में बैठा हुआ था। इसी दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो सहित 4 गाड़ियों में सवार होकर दो दर्जन से अधिक युवक वहां पहुंचे। हमलावरों ने अचानक मोहित पर धावा बोल दिया और तेजधार हथियारों से कई वार करने के बाद पैर में गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
गाड़ियों के लेन-देन व पैसों का विवाद पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार, घायल मोहित 'सेल्फ ड्राइव' (Self-Drive) पर गाड़ियां देने का काम करता है। काम के सिलसिले में उसका अपने कुछ साथियों के साथ पैसों का लेनदेन और विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश के चलते उस पर यह हमला किया गया है।
आरोपियों की धरपकड़ के लिए 4 टीमें गठित सांपला थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित के पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। हमलावरों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 4 विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




