रोहतक - भाजपा नेता के बेटे को पीटने वाला दूसरा आरोपी मोहित गिरफ्तार,
हरियाणा के रोहतक में भाजपा मंडल अध्यक्ष के बेटे देव सिंह पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी मोहित को गिरफ्तार कर लिया है. देव सिंह पर 26 सितंबर को करीब 25-30 छात्रों ने कैंटीन में घुसकर हमला किया था,
रोहतक की महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी (MDU) में भाजपा मंडल अध्यक्ष के बेटे देव सिंह के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पीजीआई थाना पुलिस ने इस वारदात में शामिल दूसरे आरोपी मोहित (पुत्र दलबीर, निवासी मोखरा) को काबू कर लिया है। इससे पहले पुलिस मुख्य आरोपी सुमित को गिरफ्तार कर चुकी है।
गांव गरनावठी निवासी और भाजपा के मंडल अध्यक्ष भूप सिंह के बेटे देव सिंह की MDU परिसर स्थित FDC की कैंटीन में हिस्सेदारी (पार्टनरशिप) है। घटना 26 सितंबर की दोपहर की है जब देव सिंह कैंटीन में अकेला बैठा हुआ था। इसी दौरान करीब 25 से 30 छात्र वहां लाठी-डंडों और हथियारों के साथ आए। आरोपियों ने आते ही कैंटीन के सामान की तोड़फोड़ शुरू कर दी और देव सिंह को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इस हमले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था, जिसमें आरोपी देव को बुरी तरह पीटते नजर आ रहे थे। इस हमले में देव सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया था।
पुरानी रंजिश और स्कॉर्पियो से कुचलने का प्रयास,पीड़ित के पिता भूप सिंह ने बताया कि उनके बेटे पर यह कोई पहला हमला नहीं है। इससे पहले भी आरोपी विक्की और उसके गुट की तरफ से देव पर दो बार जानलेवा हमले किए जा चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विक्की एमडीयू यूनिवर्सिटी परिसर में अपनी दहशत फैलाना चाहता है।
इससे पहले 17 दिसंबर 2025 को भी एमडीयू के भीतर आरोपी विक्की की तरफ से एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी से देव सिंह को कुचलने का प्रयास किया गया था। उस दौरान बचाव में गाड़ी पर पथराव भी हुआ था, जिसके बाद आरोपी मौके से गाड़ी लेकर फरार हो गया था।
पीजीआई थाना के एसएचओ नवीन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि छात्रों के बीच हुई इस हिंसक मारपीट के मामले में दूसरे आरोपी मोहित को मोखरा से गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपी सुमित पहले ही पुलिस की गिरफ्त में है। पुलिस टीम लगातार अन्य ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और वारदात में शामिल बाकी बचे सभी आरोपियों को भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।




